कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । अकबरपुर-शाहगंज मार्ग पर सुरहुरपुर के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब रेडिएंट स्कूल बस और चीनी से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि बस को भी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 25 स्कूली बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिझौड़ा मिल से चीनी लादकर आ रहा ट्रक (UP45 AT 8920) और मिल्कीपुर से छात्रों को लेकर स्कूल जा रही रेडिएंट बस (UP45 BT 9807) के बीच सुरहुरपुर के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जो नियमित रूप से विद्यालय जा रहे थे। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन बस चालक हरिनाथ यादव की सूझबूझ और सतर्कता के चलते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी भी बच्चे या चालक को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही मालीपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और सड़क पर पलटे ट्रक को हटवाने का काम शुरू कराया, ताकि यातायात सुचारु रूप से बहाल किया जा सके। कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। बताया जा रहा है कि ट्रक अंबेडकरनगर के कैथी नसीरपुर निवासी अखिलेश शुक्ला का है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मालीपुर में बड़ा हादसा टला, बस-ट्रक टक्कर के बाद ट्रक पलटा, सभी बच्चे सुरक्षित, जांच जारी
अगस्त 25, 2026
0
Tags
