
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जिले में लगातार बारिश और जलभराव के चलते सर्पदंश के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार रात से सोमवार के बीच जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सांप के काटने के 10 मरीज पहुंचे, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बारिश के कारण जमीन के बिलों और दरारों में पानी भर जाने से जहरीले सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर निकल रहे हैं। इसी वजह से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ी हैं। जिला अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की खपत भी तेजी से बढ़ी है। अब तक 4 हजार से अधिक वायल का उपयोग किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में अस्पताल में 4,017 एएसवी वायल उपलब्ध हैं। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. एसके विश्वास के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में ही 55 एएसवी वायल का इस्तेमाल किया गया है। सभी मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। घरों के आसपास जलभराव न होने देने, झाड़ियों की सफाई रखने और अंधेरे स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार से बचते हुए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने को कहा गया है, ताकि समय पर इलाज मिल सके।