देवल संवाददाता, लालगंज (आजमगढ़) के मेहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला गांव के पास गुरुवार को मां पल्हमेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए जा रही एक विवाहिता की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका भाई, भतीजी और एक वर्षीय पुत्री मामूली रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद भाग रहे डंपर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी 28 वर्षीय निशा प्रजापति, पुत्री राजबली प्रजापति, अपने भाई शकलदीप प्रजापति, 15 वर्षीय भतीजी प्रिया प्रजापति तथा एक वर्षीय पुत्री सान्वी के साथ बाइक से पल्हना स्थित मां पल्हमेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। पवनी कला गांव के पास पल्हना बाजार से मेहनगर की ओर जा रहे डंपर से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही निशा सड़क पर गिर पड़ी और डंपर की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद भाई और भतीजी शव से लिपटकर विलाप करने लगे। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को पकड़ लिया और मेहनगर पुलिस को सौंप दिया। बताया गया कि निशा की शादी तीन वर्ष पहले मिर्जापुर जिले के निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी। वह करीब 20 दिन पहले मायके आई थी। निशा तीन भाइयों और दो बहनों में शामिल थी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष मेहनगर निहारनंदन कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मां पाल्हमेश्वरी के दर्शन को जा रही महिला की डंपर से कुचलकर मौत, ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
जुलाई 02, 2026
0
Tags
