देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में बाल निकेतन के पास रेलवे संपार संख्या 0/बी पर प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) के निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण कराने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।बैठक के दौरान सेतु निगम के सहायक अभियंता ने अवगत कराया कि परियोजना के अंतर्गत रेलवे के हिस्से का निर्माण कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो पाया है, जिसके कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा फ्रीहोल्ड भूमि का क्लीयरेंस न होने,नगर पालिका की कुछ दुकानों तथा विद्युत विभाग द्वारा पोल शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण न किए जाने के कारण भी निर्माण में बाधाएं आ रही हैं।
सहायक अभियंता ने बताया कि चौक क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज की निर्माण सीमा में एक मस्जिद तथा सिंधी कॉलोनी के कुछ मकान भी आ रहे हैं, जिन्हें नियमानुसार खाली कराया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करते हुए विद्युत पोल शिफ्टिंग,नगर पालिका की दुकानों को हटाने तथा मस्जिद एवं सिंधी कॉलोनी के प्रभावित मकानों को नियमानुसार खाली कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता सेतु निगम को निर्देश दिए कि परियोजना से प्रभावित होने वाले सभी संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने के उपरांत ही संबंधित कार्य आगे बढ़ाए जाएं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना की बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में सहायक अभियंता सेतु निगम ने बताया कि प्रस्तावित रेल उपरिगामी सेतु परियोजना के लिए कुल 9962.63 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें सेतु निगम अंश 8540.85 लाख रुपये तथा रेलवे विभाग का अंश 1421.78 लाख रुपये है। परियोजना का निर्माण नाबार्ड-28 योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। परियोजना का कार्य मार्च 2024 में प्रारंभ हुआ था तथा इसके पूर्ण होने की निर्धारित अंतिम तिथि जून 2027 है। वर्तमान में परियोजना की कुल भौतिक प्रगति लगभग 63 प्रतिशत है।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय स्थापित कर सभी लंबित कार्य एवं अनुमतियां शीघ्र पूर्ण कराते हुए निर्माण कार्य को गति प्रदान करें। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार,सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
