देवल संवाददाता, मऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित हर घर तिरंगा–हर घाट तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति,मऊ द्वारा बापू इंटर कॉलेज,कोपागंज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर स्थित जलस्रोत के चारों ओर विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा नहीं डालेंगे तथा अपने आसपास के नदी,तालाब एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे।स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में 50 आम के पौधों का पौधरोपण भी किया गया।पौधरोपण जिला परियोजना अधिकारी,जिला गंगा समिति, मऊ डॉ. हेमंत कुमार यादव, विद्यालय के प्रधानाचार्य रवीन्द्र राम तथा सहायक अध्यापक सत्यनारायण राय सहित अन्य शिक्षकों द्वारा किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. हेमंत कुमार यादव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जलस्रोत स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों की सहभागिता से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश हर घर तक पहुंचाया जा सकता है।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संयोजन जिला गंगा समिति,मऊ की ओर से किया गया।
