कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकरनगर में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव द्वारा फीता काटकर Addiction Treatment Facility (ATF) Wing (नशामुक्ति केंद्र) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गंभीर मानसिक रोगियों के उपचार में अत्यंत महत्वपूर्ण इलेक्ट्रोकन्वल्सिव थेरेपी (ECT) की सुविधा तथा मल्टी बिहेवियरल सेक्स थेरेपी मशीन का भी प्रधानाचार्य महोदय द्वारा उद्घाटन किया गया।
महाविद्यालय में इन नवीन उपचार सुविधाओं के माध्यम से गंभीर मानसिक रोगों से पीड़ित मरीजों को आधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, यौन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, जैसे स्वप्नदोष एवं अन्य यौन संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों को भी वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय परामर्श तथा उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि लोग झोलाछाप चिकित्सकों अथवा अप्रमाणित उपचार के चक्कर में न पड़ें और उचित चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकें।
एटीएफ विंग का शुभारंभ एनडीडीटीसी, एम्स नई दिल्ली के सहयोग एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के समर्थन से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव की अध्यक्षता एवं नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी, इंटर्न्स एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन मानसिक रोग विभागाध्यक्ष एवं एटीएफ नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार गुप्ता के निर्देशन में किया गया। मानसिक रोग विभाग की ओर से डॉ. पारुल यादव, सहायक आचार्य एवं डॉ. सुधांशु चंदेल, सहायक आचार्य की भी प्रमुख उपस्थिति रही।
एटीएफ विंग के माध्यम से नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को वैज्ञानिक, व्यवस्थित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्र में शराब, तंबाकू, सिगरेट, स्मैक, भांग, गांजा सहित विभिन्न प्रकार के नशे की निर्भरता से संबंधित मरीजों के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
एटीएफ विंग के प्रारंभ होने से अम्बेडकरनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के नशा-निर्भरता से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिजनों को अपने ही जिले में उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। केंद्र के शुरू होने से लोगों में विशेष रूप से राहत, विश्वास और आशा की भावना देखने को मिली।
प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि एनडीडीटीसी एम्स दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त किए हुए कर्मचारी विनोद कनौजिया काउंसलर, प्रियम खरे काउंसलर, अनुराग त्रिपाठी स्टाफ नर्स एवं स्वीटी शर्मा डाटा मैनेजर ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद एटीएफ विंग को प्रारंभ करने की दिशा में लगातार तेजी से कार्य किया। उनके नेतृत्व में आवश्यक व्यवस्थाओं, विभागीय समन्वय एवं अन्य तैयारियों को गति दी गई, जिसके परिणामस्वरूप कम समय में एटीएफ विंग को प्रारंभ करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
डॉ. अमित कुमार गुप्ता, मानसिक रोग विभागाध्यक्ष एवं एटीएफ नोडल अधिकारी, ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। एटीएफ विंग के माध्यम से मरीजों को समय पर उपचार, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा तथा नशामुक्ति के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक, कर्मचारी, इंटर्न्स एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति रही। सभी ने एटीएफ विंग एवं नवीन उपचार सुविधाओं के शुभारंभ को महाविद्यालय एवं जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।
महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकरनगर में एटीएफ विंग एवं नवीन उपचार सुविधाओं का शुभारंभ जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नशे की समस्या तथा मानसिक एवं यौन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से प्रभावित लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने के साथ बेहतर एवं स्वस्थ जीवन की ओर लौटने का नया अवसर मिलेगा।
