देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिला शिक्षक संघ सोनभद्र की जिलाध्यक्ष कौसर जहाँ सिद्दिकी के नेतृत्व में विंध्याचल मंडल उपाध्यक्ष आशा भारती एवं संघ की टीम ने सोमवार देर शाम राबर्ट्सगंज स्थित वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी के आवास पर राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष चारू चौधरी एवं सदस्य गीता विश्वकर्मा से मुलाकात की। इस दौरान जनपद की महिला शिक्षिकाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और समस्याओं के समाधान के लिए मांग-पत्र सौंपा गया।मुलाकात के दौरान महिला शिक्षिकाओं की प्रमुख समस्याओं को आयोग की उपाध्यक्ष के समक्ष गंभीरता से रखा गया। विशेष रूप से स्थानांतरण, समायोजन एवं चाइल्ड केयर लीव (सीसीएल) से संबंधित समस्याओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श हुआ।
जिलाध्यक्ष कौसर जहाँ सिद्दिकी ने कहा कि सोनभद्र जैसे विस्तृत एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में विद्यालयों में कार्यरत महिला शिक्षिकाओं को नौकरी के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। छोटे बच्चों की देखभाल, पति-पत्नी की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती, पारिवारिक परिस्थितियां और लंबी दूरी का आवागमन महिला शिक्षिकाओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।उन्होंने राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष से मांग की कि महिला शिक्षिकाओं की पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण एवं समायोजन की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और महिला हितैषी बनाया जाए। साथ ही पात्र महिला शिक्षिकाओं को चाइल्ड केयर लीव का लाभ सहज एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
विंध्याचल मंडल उपाध्यक्ष आशा भारती ने समाजहित से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों एवं उनके समाधान पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षक केवल विद्यालय में शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने कहा कि सोनभद्र में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष का आगमन महिलाओं की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में सार्थक पहल है। इससे महिला शिक्षिकाओं में भी अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने महिला शिक्षिकाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने महिला शिक्षिकाओं द्वारा उठाए गए विषयों को महत्वपूर्ण बताते हुए उचित स्तर पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।महिला शिक्षक संघ सोनभद्र ने इस मुलाकात को महिला शिक्षिकाओं के अधिकार, सम्मान एवं हितों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी एवं सदस्य गीता विश्वकर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर महिला भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, इशिका चौबे, महिला शिक्षक संघ की परवीन बेगम, साधना, नसरीन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
