देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ईमानदारी और इंसानियत आज भी समाज में जिंदा है। इसका जीवंत उदाहरण सजौर बी-पैक्स के सचिव कमलेश शर्मा ने पेश किया है। चंदौली के राजदरी प्रपात में करीब 35 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन मिलने के बाद उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर ईमानदारी की मिसाल कायम की।
जानकारी के अनुसार सजौर बी- पैक्स के सचिव कमलेश शर्मा सोमवार को घूमने के लिए चंदौली स्थित राजदरी प्रपात गए थे। इसी दौरान उन्हें वहां एक मोबाइल फोन गिरा हुआ मिला। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मोबाइल के मालिक का पता नहीं चल सका। इसके बाद वह मोबाइल लेकर राबर्टसगंज लौट आए।कमलेश शर्मा ने मोबाइल में मौजूद संपर्क नंबरों के माध्यम से उसके मालिक से संपर्क करने का लगातार प्रयास किया। देर रात उनका प्रयास सफल हुआ और वाराणसी निवासी इमरान का फोन आया। इमरान ने बताया कि मोबाइल उन्हीं का है, जो राजदरी प्रपात में कहीं गिर गया था।कमलेश शर्मा ने मोबाइल की वास्तविक पहचान और स्वामित्व सुनिश्चित करने के लिए इमरान को आधार कार्ड समेत अन्य आवश्यक प्रमाण लेकर सुबह राबर्टसगंज स्थित सजौर बी-पैक्स आने को कहा। इमरान सुबह सजौर बी-पैक्स पहुंचे। दस्तावेजों एवं अन्य प्रमाणों से स्वामित्व की पुष्टि होने के बाद गवाहों की मौजूदगी में कमलेश शर्मा ने मोबाइल उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया।घटना की जानकारी होने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सोनभद्र संजय कुमार वर्मा ने कमलेश शर्मा के ईमानदार एवं सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि “नेकी और परोपकार ही सहकारिता के दूसरे नाम हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।वहीं एडीसीओ सदर निर्मल कुमार मौर्य ने कहा कि कमलेश शर्मा के इस अनुकरणीय कार्य से अन्य सहकारी सचिव भी प्रेरणा लेंगे। ऐसे प्रयासों से सहकारिता के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत होगा।सहकारी सचिव यूनियन के जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह ने भी कमलेश शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह पहले से ही अपनी ईमानदारी और अच्छे व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। उनके इस कार्य से सभी सहकारी सचिव गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।35 हजार रुपये के मोबाइल को आसानी से अपने पास रखने के बजाय उसके मालिक तक पहुंचाना न केवल ईमानदारी की मिसाल है, बल्कि यह बताता है कि सहकारिता का मूल भाव आज भी सेवा, विश्वास और परोपकार से जुड़ा हुआ है।
