देवल संवाददाता, मऊ। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से जिला खेल कार्यालय, मऊ द्वारा क्रॉस कंट्री रेस (बालक/बालिका वर्ग) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक वर्ग की दौड़ पुलिस लाइन के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर गाजीपुर तिराहा,भीटी होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम,मऊ में समाप्त हुई,जबकि बालिका वर्ग की दौड़ भीटी चौक से प्रारंभ होकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर मजिस्ट्रेट, मऊ द्वारा खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर किया गया।बालक वर्ग में कबीराज प्रथम,राहुल राजभर द्वितीय,सत्यम निषाद तृतीय, अनिल यादव चतुर्थ,धीरज कन्नौजिया पंचम तथा गणेश निषाद ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में मनीषा यादव प्रथम,अर्चना यादव द्वितीय,शिवांगी तृतीय,संजना चतुर्थ,रोमी राजभर पंचम एवं रंजना कुमारी ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया।स्पोर्ट्स स्टेडियम में ध्वजारोहण के पश्चात आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर तथा विशिष्ट अतिथि नगर मजिस्ट्रेट द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। इसके उपरांत नगर पालिका परिषद,मऊ द्वारा जनपद स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें जनपद की चार टीमों ने प्रतिभाग किया। विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मऊ अरसद जमाल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।इस अवसर पर राजीव कुमार जायसवाल,अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ,मनोज यादव,रीमा यादव,सोनिया कुमारी,मोईन खान,रितेश दास सहित जनपद के खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में जिला क्रीड़ाधिकारी मऊ डीपी सिंह ने खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु उपस्थित अतिथियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
