देवल संवाददाता, मऊ। आयुक्त,उ.प्र. लखनऊ एवं जिलाधिकारी मऊ के निर्देशों के अनुपालन में औषधि निरीक्षक द्वारा जिले के थोक एवं फुटकर औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का निरीक्षण एवं सत्यापन किया गया।दिनांक 14 अगस्त को मेसर्स बैजनाथ मेडिकल स्टोर,मधुबन का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान पर विक्रय की जाने वाली औषधियों का विवरण एवं अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने तथा संबंधित फार्मासिस्ट के अनुभव प्रमाण-पत्र से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत न करने पर विक्रय कार्य प्रतिबंधित करते हुए आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में मेसर्स प्रमोद मेडिसिन हाउस,मधुबन के निरीक्षण में 03 संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच हेतु लिए गए तथा फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में बिक्री पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से विक्रय कार्य रोक दिया गया। औषधियों के क्रय-विक्रय बिल नियमानुसार प्रस्तुत न किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान को भी अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।दोनों प्रतिष्ठानों की निरीक्षण आख्या विभागीय कार्रवाई हेतु औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी,आजमगढ़ मंडल को प्रेषित की गई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
