देवल संवाददाता, मऊ। उत्तर प्रदेश के लगभग 78 हजार उचित दर विक्रेताओं (राशन डीलरों) के लाभांश में वृद्धि करते हुए प्रदेश सरकार ने इसे ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया है। इस उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के लखनऊ स्थित लोक सभागार से दिए गए संबोधन का सजीव प्रसारण नगर पालिका परिषद मऊ के कम्युनिटी हॉल सहित जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कराया गया।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री जी द्वारा सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉश (e-PoS) आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य राशन विक्रेताओं की समस्याओं एवं सुझावों को सीधे प्राप्त कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाना है।
वर्ष 2017 से लगातार बढ़ रहा लाभांश कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि वर्ष 2017 से प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। राशन विक्रेताओं के हित में लाभांश को पहले ₹70 से बढ़ाकर ₹90 और अब ₹125 प्रति क्विंटल किया गया है। इसके अतिरिक्त, लाभांश में ₹25 की और वृद्धि के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसकी प्रक्रिया आगामी 3-4 महीनों में पूर्ण होने की संभावना है।मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट किया कि पारदर्शी वितरण व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के लगभग 15 करोड़ पात्र लोगों तक ई-पॉश मशीनों द्वारा खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से राशन वितरण प्रणाली मजबूत हुई है। साथ ही, विक्रेताओं को अपनी दुकानों से निर्धारित 39 प्रकार की आवश्यक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति भी प्रदान की गई है (नशीले पदार्थों का विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा)।समारोह में राशन कार्ड वितरण एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कम्युनिटी हॉल,मऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्डों का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज राय ने कहा कि लाभांश में वृद्धि से राशन डीलरों के आर्थिक हितों को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्या,मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव,भाजपा नेता अशोक सिंह,मनोज जायसवाल,प्रतीक जायसवाल,राजेश श्रीवास्तव,जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।
