देवल, ब्यूरो चीफ,शाहगंज, (सोनभद्र)। घोरावल शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय ढुटेर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर बच्चों ने देशभक्ति गीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने "कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले" और "तेरी माटी की कसम" जैसे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। छात्र अमरजीत सिंह और स्वास्तिक चौबे द्वारा दिए गए अंग्रेजी भाषणों की भी खूब सराहना हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की प्रशासक सुरसती देवी ने की, जबकि संचालन सहायक अध्यापक राजकुमार ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया। प्रधानाध्यापक यतिनंदन लाल ने उपस्थित अतिथियों और गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर सहायक अध्यापक खड़गवीर सिंह, अनुदेशक अनिल चौबे, नीलू सोनकर, सुनीता, पूर्व ग्राम प्रधान रामजीत मौर्य, पूर्व विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानदास कनौजिया, विनोद कुमार मौर्य और एसएमसी अध्यक्ष महेश सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
घोरावल क्षेत्र में केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि थाना, पुलिस चौकी, बैंक, सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ अन्य शिक्षण संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
