देवल संवाददाता, मऊ। युवा कल्याण विभाग,मऊ के तत्वावधान में शारदा देवी बालिका इंटर कॉलेज, तेंदुली, विकासखंड रानीपुर से तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय की छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा विभिन्न गांवों से होकर पुनः विद्यालय परिसर में पहुंची।रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक राम अवतार मौर्य एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, रानीपुर विनु कुमार सिंह ने की।इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजी शासन की अनेक यातनाएं सहन कीं और अदम्य साहस एवं संघर्ष के बल पर अंग्रेजी हुकूमत को भारत छोड़ने के लिए विवश किया।स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में एकजुट होकर स्वतंत्रता दिवस मना पा रहे हैं। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्पित उपाध्याय ने कहा कि बच्चों में राष्ट्र के प्रति प्रेम और देशभक्ति की भावना जागृत बनाए रखना आवश्यक है। बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान की कहानियों से अवगत कराया जाना चाहिए, ताकि उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका श्रेष्ठ मौर्य,राजेश मौर्य,बृजेश मौर्य सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
