अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को बताया कि 'बर्थ टूरिज्म' (बच्चे को जन्म देने के लिए विदेश यात्रा) के खिलाफ एक नए अभियान के तहत उसने विदेशी नागरिकों के 600 से अधिक वीजा रद कर दिए हैं।
विभाग ने कहा कि उसने 'बर्थ टूरिज्म प्रिवेंशन टास्क फोर्स' बनाई है। इसका मकसद ऐसे वीजा धारकों की पहचान करना है, जो बच्चे को जन्म देने के लिए अमेरिका गए थे और उन लोगों का पता लगाना है, जिन्होंने ऐसी यात्रा में मदद की थी।
विभाग ने साफ किया रुख
विभाग ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो के पास वीजा रद करने का व्यापक अधिकार है। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा छह अगस्त को जारी किए गए एक एग्जीक्यूटिव आर्डर के बाद उठाया गया है। इसमें 'बर्थ टूरिज्म' को ऐसे विदेशी नागरिक के तौर पर परिभाषित किया गया है जो अमेरिकी धरती पर बच्चे को जन्म देने के मकसद से नान-इमिग्रेंट वीजा पर आता है।
अधिकारियों ने कई मामलों का जिक्र किया। एक जोड़े ने अमेरिका में दो बच्चों को जन्म देने के लिए यात्रा करते समय कान्फ्रेंस और शापिंग की छुट्टियों का बहाना बनाया। उन्होंने दो अलग-अलग वीजा आवेदनों में अपने मकसद के बारे में झूठ बोला और दूसरे आवेदन के दौरान एक बच्चे के होने की बात छिपाई।
उनके वीजा रद कर दिए गए। एक और मामले में, एक विदेशी सरकारी अधिकारी ने एक हफ्ते की आधिकारिक यात्रा के लिए वीजा मांगा। इसके बजाय, वह तीन महीने तक देश में रहीं और जाने से पहले बच्चे को जन्म दिया। उनका वीजा रद कर दिया गया।
