कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद अंबेडकर नगर के सैदपुर भीतरी में जूनियर विद्यालय का भवन पूर्ण रूप से जर्जर हो चुका है। छतें टपक रही हैं, दीवारें दरक चुकी हैं और इमारत किसी भी समय गिरने के खतरे में बताई जा रही है। इसके बावजूद आज तक नए निर्माण या मरम्मत की कोई ठोस कवायद शुरू नहीं हुई। परिणाम यह है कि विद्यालय के अध्यापक और बच्चे पंचायत भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही।शिक्षा का अधिकार कानून बच्चों को सुरक्षित और उचित माहौल में पढ़ाई का हक देता है। जब मूल विद्यालय भवन ही खतरे में हो तो पंचायत भवन में पढ़ाई को अस्थायी व्यवस्था मानना भी बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। स्थानीय अभिभावक और शिक्षकों ने बार-बार मांग की है कि जर्जर भवन का निरीक्षण कर तुरंत निर्माण या सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराया जाए। अभी तक कोई स्पष्ट समयसीमा या काम शुरू होने की सूचना नहीं मिली है।
