देवल संवाददाता, अतरौलिया, आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ियापुर मखनहा गांव निवासी अनिल निषाद पुत्र रामनिहोर निषाद ने गांव के ही कुछ लोगों पर खेत में काम करने के दौरान लाठी-डंडे, खुरपा समेत अन्य धारदार हथियार से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार घटना 21 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे की है।
अनिल निषाद ने बताया कि वह अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान विपक्षी सिजोर पप्पू पुत्र श्रीपति, रेखा पत्नी सिजोर, नीलम और पूनम पत्नी सिजोर सहित अन्य लोग एक राय होकर वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और खुरपा आदि से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल अनिल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित का कहना है कि वह विदेश में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है और उसे आशंका है कि विपक्षी पक्ष प्रशासन को गुमराह कर उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास कर रहा है, ताकि वह विदेश जाकर काम न कर सके।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके परिवार के लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हुए हैं। अनिल निषाद ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान मामले की ओर आकृष्ट कराते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
हालांकि, मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
