देवल संवाददाता, बूढ़नपुर, आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के मैनुद्दीनपुर गांव में पोखरी की भूमि पर मिट्टी डालकर पाटने के आरोप का मामला सामने आया है। गांव निवासी मुकेश कुमार पुत्र स्व. सभाजीत ने ग्राम प्रधान अवधेश कुमार पुत्र रिखई राम सहित कुछ लोगों पर पोखरी संख्या 46 को मिट्टी डालकर पाटने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम अभय राज पाण्डेय ने राजस्व निरीक्षक और हल्का लेखपाल को विवादित भूमि की पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। आदेश के बाद हल्का लेखपाल कमलेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि विवादित भूमि पर वर्तमान में फसल खड़ी है और खेत में पानी भी लगा हुआ है। फसल खाली होने के बाद सरहद के पत्थर के आधार पर भूमि की पैमाइश की जाएगी। यदि जांच के दौरान सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे खाली कराया जाएगा।
वहीं शिकायतकर्ता मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि हल्का लेखपाल ग्राम प्रधान के प्रभाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान अवधेश कुमार ने बताया कि फसल खाली होने के बाद नियमानुसार पैमाइश कराकर विवाद का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उनके द्वारा किसी सरकारी भूमि पर कब्जा पाया जाता है तो वह उसे खाली कर देंगे। ग्राम प्रधान ने यह भी कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्य जनहित में किए गए हैं।
अब सभी की निगाहें फसल कटने के बाद होने वाली राजस्व विभाग की पैमाइश और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पोखरी की भूमि पर अतिक्रमण हुआ है या नहीं।
