मा. जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण और घाघरा नदी तट का निरीक्षण
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।कैबिनेट मंत्री/ जनपद प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अपने जनपद भ्रमण के दौरान संभावित बाढ़ प्रभावित गांव माझा कम्हरिया में घाघरा नदी के तट पर पहुंच कर मौके के जल स्तर का जायजा लिया और संभावित बाढ़ से बचने हेतु प्रबंधन व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मा. मंत्री ने निरीक्षण में नदी तट पर कटान को रोकने हेतु परक्यूपाइन व जियो कस्टर्ड बैग की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संभावित बाढ़ से बचने और सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने और सचेत रहने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत. प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत आराजी देवरा के करिया लोना का पुरवा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है जिसका लाभ लाभार्थियों को सीधे मिल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक कर समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाया जाए, उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना से वंचित न रहे इसका विशेष ध्यान रखा जाए। चौपाल कार्यक्रम में. मंत्री जी द्वारा 05 पशुपालकों को पशुओं हेतु दवा का वितरण किया गया और 05 पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया।
चौपाल कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने भी ग्रामीणों को वर्तमान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को जानकारी दी।
चौपाल कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, एसडीएम, डीपीआरओ सहित स्वास्थ्य, पशुपालन आदि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
