कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सोमवार को उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और शुभचिंतक शव यात्रा में शामिल हुए। अंतिम संस्कार अयोध्या धाम स्थित सरयू तट पर किया गया।
इंद्रावती की मौत के बाद परिजनों की ओर से आशंका जताए जाने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने तीन चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है। मृतका के हार्ट की हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच भी कराई जाएगी। अब वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद शुरुआती तौर पर परिजनों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई थी। बाद में आईपीएस आशुतोष मिश्रा ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने मृतका की ज्वेलरी गायब होने की बात भी बताई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि करने वाला कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस ज्वेलरी गायब होने की शिकायत समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। अंतिम विदाई के दौरान गांव का माहौल गमगीन रहा। परिजन और ग्रामीण नम आंखों से इंद्रावती को अंतिम विदाई देते नजर आए। वहीं, पुलिस की जांच अब विसरा और हार्ट की वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।
