कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का फॉरेंसिक निरीक्षण कराया और तीन चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में मृतका के शरीर पर कोई जाहिरा चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है। साथ ही मृतका के हार्ट की हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच भी कराई जाएगी। एसपी प्राची सिंह के मुताबिक, 16 अगस्त को दोपहर करीब 1:13 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रावती की सुबह करीब 8 बजे हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर परिजनों ने भी मौत की वजह हार्ट अटैक ही बताई थी। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर 2:30 बजे आशुतोष मिश्रा ने पुलिस को हत्या की आशंका जताई। उन्होंने मृतका के शरीर पर मौजूद ज्वेलरी गायब होने की बात भी पुलिस को बताई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच कराई। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण अब वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य सामने नहीं आया है, लेकिन परिजनों की शिकायत और ज्वेलरी गायब होने की बात को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब विसरा और हार्ट की जांच रिपोर्ट से ही इंद्रावती की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।
