देवल संवाददाता, मऊ।मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन के अवसर पर लखनऊ के सरोजनी नगर में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जनपद मऊ के कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मधुबन विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक राम विलास चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान जनपद के पीआरडी स्वयंसेवक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा पीआरडी जवानों के कल्याण एवं सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री जी द्वारा सरोजनी नगर,लखनऊ में पीआरडी जवानों के लिए मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण का शिलान्यास, मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा तथा पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में 100 रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किए जाने की घोषणा की गई।मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय विधायक राम विलास चौहान ने जनपद के सभी पीआरडी जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पीआरडी स्वयंसेवकों के हित में की गई घोषणाएं उनके कल्याण एवं मनोबल को बढ़ाने वाली हैं।मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने पीआरडी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि सभी स्वयंसेवक अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, सत्यनिष्ठा,अनुशासन एवं कर्तव्यपरायणता के साथ करें। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों की विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर ड्यूटी रहती है, इसलिए सभी जवान समय की पाबंदी रखते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करें।प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी विनु कुमार सिंह ने विभाग की गतिविधियों एवं पीआरडी की भूमिका के संबंध में संक्षिप्त जानकारी देते हुए सभी स्वयंसेवकों से अपील की कि वे जहां भी ड्यूटी पर तैनात हों,वहां समयबद्धता,अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।कार्यक्रम में कार्यालय के कनिष्ठ सहायक सर्वेश चौधरी,शिवमोहन सिंह सहित जनपद के समस्त पीआरडी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
