देवल संवाददाता, मऊ। किसानों की आय में वृद्धि एवं नवोन्मेषी फसल मखाना की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र,पिलखी,मऊ में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से 25 किसानों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह,उप कृषि निदेशक तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार सिंह सहित उद्यान वैज्ञानिक डॉ. जितेंद्र कुमार कुशवाहा,डॉ. सुमित कुमार गुप्ता,डॉ. प्रशांत देव,डॉ. आकांक्षा, डॉ. अंगद प्रसाद, डॉ. हिमांशु राय एवं सेवानिवृत्त सहायक निदेशक मत्स्य डॉ. डी.ए. पांडेय उपस्थित रहे।प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को मखाने की आधुनिक खेती,खेत की तैयारी,जैविक खेती,कीट प्रबंधन,उत्पादन एवं उससे होने वाले आर्थिक लाभ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. आकांक्षा ने बताया कि पड़ोसी राज्य बिहार में मखाने का बड़े स्तर पर उत्पादन किया जाता है। मखाने की खेती को जनपद में बढ़ावा देकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह ने मखाने की खेती के लिए शासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान एवं अन्य सुविधाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी।प्रशिक्षण में विजय सिंह,अंकित राय,उमेश चौहान,मूलचंद, शंभूनाथ सहित अन्य कृषक उपस्थित रहे।
