देवल संवाददाता, मऊ। ऑल इण्डिया फेयर प्राइज शाप डीलर्स एसोशियन के जिलाध्यक्ष सत्यपाल व जिला उपाध्यक्ष संदीप राजभर ने कोटेदारों का कमीशन 125 रूपये प्रति कुंतल बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा का स्वागत किया है। लेकिन इस कमीशन को बहुत कम बताया है। पदाधिकारी ने बताया कि कोटेदार सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। लंबे समय से लाभांश बढ़ाने की मांग ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। कोटेदारों ने दो रूपया प्रति किलो बढ़ाने की मांग की थी। लेकिन प्रदेश सरकार के पास दुकानदारों का कमीशन देने को बजट का अभाव हो गया है। जिलाध्यक्ष सत्यपाल ने बताया कि हम लोगो की लड़ाई अभी बंद नहीं हुआ है। दो सौ कमीशन कोटेदारों का होना चाहिए। अभी संघर्ष जारी रहेगा। वर्तमान दौर में लगातार बढ़ रही महंगाई के बीच यह राशि ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। इस मामूली लाभांश से कोटेदारों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और उनके सामने अपने परिवारों का पालन-पोषण करना भी कठिन चुनौती बन गया है। संगठन के जिला महासचिव संगम कुमार ने अन्य राज्यों की व्यवस्था का हवाला दिया। हरियाणा और दिल्ली में डीलरों को दो सौ रुपये प्रति कुंतल, जबकि गोवा में दो सौ तीस रुपये प्रति कुंतल का लाभांश दिया जाता है। इसके अलावा,गुजरात में विक्रेताओं के लिए न्यूनतम आय की गारंटी जैसी हितकारी व्यवस्था लागू है। पड़ोसी राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में कम लाभांश मिलने से कोटेदारों में भारी असंतोष व्याप्त है।
