कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद में देशभक्ति का संदेश देते हुए अम्बेडकरनगर पुलिस ने शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के नेतृत्व में सुबह करीब 10 बजे पुलिस लाइन गेट से शुरू हुई यह यात्रा कोतवाली अकबरपुर पहुंचकर सम्पन्न हुई। तिरंगा यात्रा में क्षेत्राधिकारी नगर नीतीश कुमार तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अकबरपुर संतोष कुमार सिंह तथा यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ जैसे देशभक्ति नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा मार्ग पर तिरंगों की सजावट और पुलिसकर्मियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा और आम लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया। इस अवसर पर एसपी प्राची सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने का संदेश भी दिया। पुलिस की इस तिरंगा यात्रा के जरिए राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। अम्बेडकरनगर पुलिस ने एक बार फिर देश सेवा, सुरक्षा और समर्पण के अपने संकल्प को दोहराया।
