कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जनपद में एक अहम पहल शुरू की है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों की मदद के लिए आगे आएं। एसपी ने बताया कि हादसे के बाद का पहला एक घंटा किसी भी घायल के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि समय पर चिकित्सा सहायता मिल जाए तो कई गंभीर मामलों में भी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तमाशबीन बनने के बजाय तुरंत मददगार बनें और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। इस अभियान के तहत लोगों को केंद्र सरकार की ‘राहवीर योजना’ के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को ‘राहवीर’ के रूप में प्रोत्साहित किया जाता है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि मदद करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस ने सलाह दी है कि हादसा देखने पर सबसे पहले अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें, फिर तत्काल पुलिस और एंबुलेंस सेवा को सूचना दें। इसके बाद घायल को नजदीकी अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाने में मदद करें। एसपी प्राची सिंह ने कहा कि सड़क पर घायल किसी अनजान व्यक्ति की मदद के लिए उठाया गया छोटा सा कदम उसके पूरे परिवार की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय जिम्मेदार नागरिक बनकर मानवता का परिचय दें।
