आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत । जौनपुर केराकत नगर में अतिक्रमण हटाने के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया। घटना में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव घायल हो गए, जबकि बुलडोजर का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम नगर के प्रमुख बाजारों और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के अभियान में जुटी थी। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे अवैध टीन शेड, ठेले, बैनर तथा सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा था। कार्रवाई शुरू होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
इसी बीच कुछ लोगों ने प्रशासन पर चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उपद्रवियों ने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के सिर में चोट आई। वहीं, बुलडोजर का शीशा तोड़ दिया गया और चालक के साथ अभद्रता करने का भी प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सना सगीर और नायब तहसीलदार की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पांच नामजद तथा लगभग 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपितों की पहचान में जुटी है।
.jpeg)