आमिर, देवल ब्यूरो ,बरसठी । जौनपुर बरसठी थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में गुरुवार सुबह एक 55 वर्षीय मजदूर का शव घर के सामने शीशम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान राय साहब चौहान (55) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जाता है कि वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे और उनके परिवार में पत्नी के अलावा कोई संतान नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार, राय साहब चौहान करीब दस दिन पहले वाराणसी स्थित एक ईंट-भट्ठे से काम कर अपने गांव लौटे थे। इसके बाद वह स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर रहे थे। गुरुवार सुबह जब उनकी पत्नी और अन्य ग्रामीण घर से बाहर निकले तो उनका शव शीशम के पेड़ से लटका दिखाई दिया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
