आमिर, देवल ब्यूरो ,मडियाहूं । जौनपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) वाराणसी इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मड़ियाहूं थाने में तैनात उप निरीक्षक रामाश्रय प्रजापति को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक पर एक मुकदमे में नाम बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी उप निरीक्षक को उसके कार्यालय के पास शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने या लेने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
