आमिर, देवल ब्यूरो ,नेवढ़िया । जौनपुर नेवढ़िया थाना क्षेत्र के लक्षनपुर (तरती) गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान शांति गौड़ (24) पत्नी अमन गौड़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शांति की शादी 22 अप्रैल 2023 को हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
मृतका की छोटी बहन सरिता ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात करीब 11:15 बजे शांति का फोन आया था। वह घबराई हुई थी और उसने बताया कि ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं तथा उसकी जान को खतरा है। इसी दौरान कथित रूप से उसके पति ने फोन छीनकर कॉल काट दी। इसके बाद कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल बंद मिला।
परिजनों का कहना है कि शुक्रवार तड़के उन्हें सूचना मिली कि शांति ने घर के पास अमरूद के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो शव जमीन पर पड़ा मिला। शांति की एक वर्ष की बेटी भी है।
घटना की सूचना पर नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय कुमार चौधरी तथा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतका की मां किशुना देवी ने पति अमन गौड़, जेठ पिंटू गौड़, जेठानी संगीता, सास बेला देवी और ननद अनीता के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी है।
नेवढ़िया थाना प्रभारी निखिलेश तिवारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नोट: यह समाचार पुलिस और मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
