आमिर, देवल ब्यूरो ,सिकरारा । जौनपुर सिकरारा थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई जिले में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह एवं पुलिस टीम सक्रिय रूप से वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने जाम तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश कुमार (20 वर्ष) पुत्र रमेश गौतम, निवासी ग्राम पुरातेजी, थाना बक्शा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वह थाना सिकरारा में दर्ज मुकदमा संख्या 250/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2) तथा 5J(ii)/6 पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
