देवल संवाददाता, मऊ। अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में अभियोजन कार्यों की प्रगति,वादों के निस्तारण तथा जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक अभियोजन श्रीलाल साहब सिंह ने अभियोजन कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अधीनस्थ न्यायालयों में भारतीय दंड विधान (भादवि) के अंतर्गत 125 तथा अन्य अधिनियमों के अंतर्गत 206 वादों का निस्तारण किया गया। वहीं सत्र न्यायालय में डीजीसी संवर्ग के अंतर्गत भादवि के 17,अन्य अधिनियमों के 07, एससी/एसटी एक्ट के 03,गैंगस्टर एक्ट के 04 तथा पॉक्सो एक्ट के 05 वादों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 367 वादों का निस्तारण किया गया है।
अपर जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए वादों के निस्तारण की संख्या में वृद्धि की जाए। उन्होंने कहा कि अभियोजन से संबंधित मामलों में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में गंभीरता से प्रयास किए जाएं।कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने जनपद की सभी शराब की दुकानों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के साथ विक्रेता शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करें। साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने तहसील एवं क्षेत्र में मिलावटी तथा अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में गैंगस्टर एक्ट,गुंडा एक्ट तथा जनपद में अवैध शराब के कारोबार से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू,समस्त उप जिलाधिकारी,समस्त क्षेत्राधिकारी,अभियोजन अधिकारी लक्ष्मी राज सिंह,मनोज कुमार,हरेंद्र सिंह,प्रिया सिंह,अनिल कुमार,डीजीसी अजय कुमार सिंह,एडीजीसी राजेश पांडेय सहित समस्त थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
