देवल संवाददाता, मऊ। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर पशुपालन विभाग, मऊ द्वारा विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह कुशवाहा,जनपदीय दुग्ध विकास अधिकारी के प्रतिनिधि तथा शासन स्तर से नामित नोडल अधिकारी डॉ. के.के. चौहान उपस्थित रहे।कार्यक्रम में पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि एवं दुग्ध उत्पादन में वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान पशुओं में दुग्ध उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने, उन्नत नस्ल के पशुओं के संवर्धन, कृत्रिम गर्भाधान,नस्ल सुधार, संतुलित पशु आहार,हरे चारे की उपलब्धता,नियमित टीकाकरण, संक्रामक रोगों से बचाव तथा बेहतर पशु स्वास्थ्य प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने तथा पशुपालन को लाभकारी स्वरोजगार के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन तथा गोशालाओं के बेहतर संचालन पर भी विशेष बल दिया गया। गोशालाओं में संरक्षित गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा,हरा चारा,स्वच्छ पेयजल,नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।इस अवसर पर गोवंश संरक्षण एवं गोशाला प्रबंधन में जनपद में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 05 गोशालाओं के संचालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य अन्य गोशाला संचालकों को भी बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता एवं गोवंश की समुचित देखभाल के लिए प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम में दुग्ध सहकारिता को बढ़ावा देने,महिला सशक्तीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में डेयरी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया।कार्यक्रम का मुख्य संदेश "दूध है पोषण,समृद्धि का आधार" रहा। इस अवसर पर पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने,पशुपालकों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वस्थ,समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में पशुपालन विभाग की सक्रिय भूमिका पर विशेष बल दिया गया।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दी गई जानकारी
नवंबर 27, 2026
0
Tags
