अफ़सरशाही का शर्मनाक चेहरा CVO बोले- 'जब प्रार्थना पत्र मिलेगा, तब करेंगे जांच'
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जहांगीरगंज विकासखंण्ड के कमालपुर पिकार राजकीय पशु अस्पताल में सरकारी डॉक्टरों की संवेदनहीनता और घोर लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अस्पताल में तैनात एक तथाकथित डॉक्टर (कंपाउंडर) ने बिना किसी डॉक्टरी जांच के एक 5 महीने की गर्भवती भैंस को सीमन (कृत्रिम गर्भाधान) चढ़ा दिया। इस जानलेवा लापरवाही के कारण भैंस की हालत बिगड़ गई और तड़प-तड़प कर उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।
मुबारकपुर पिकार गांव के पीड़ित किसान जय हिंद यादव ने बताया कि 29 अक्टूबर को वह अपनी भैंस का इलाज कराने अस्पताल गए थे। वहां तैनात पशु चिकित्सक श्री निवास यादव के सहायक गौतम ने किसान को गुमराह कर कहा कि भैंस को सीमन चढ़ाने की जरूरत है। किसान की सहमति पर गौतम ने बिना जांचे यह आत्मघाती कदम उठा लिया। 30 अक्टूबर को भैंस ने मृत बच्चे को जन्म दिया। गलत इलाज से लाखों की भैंस की जान आफ़त में है। पीड़ित ने डॉक्टर श्रीनिवास और सहायक गौतम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारियों की बेरुखी: पीड़ित तड़प रहा, साहब को कागज का इंतजार
इस संवेदनशील मामले पर जब मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) अम्बेडकर नगर अरविंद कुमार सिंह से बात की गई, तो उनका बेहद गैर-जिम्मेदाराना और संवेदनहीन रवैया सामने आया। बेजुबान की मौत और किसान के लाखों के नुकसान पर स्वत संज्ञान लेने के बजाय सीवीओ अरविंद कुमार सिंह ने बंद कमरे से बयान दाग दिया कि "जब कोई प्रार्थना पत्र मिलेगा, तभी मामले की जांच की जाएगी।" उच्च अधिकारी का यह बयान साफ झलकाता है कि महकमा दागी डॉक्टरों को बचाने और मामले को टालने में जुटा है।
