763 अभ्यर्थियों में से 412 ने साक्षात्कार प्रक्रिया में लिया भाग, युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जनपद में युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक शुक्रवार को त्रिलोकनाथ पीजी कॉलेज में जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विधानसभा स्तरीय भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक एवं रोजगारपरक अवसरों की उपलब्धता युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों सहित कुल 17 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कॉलेज एवं आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक पंजीकरण कराया तथा अपने बायोडाटा के साथ साक्षात्कार प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। कुल 763 अभ्यर्थियों में से 412 अभ्यर्थियों का कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार लिया गया तथा योग्य अभ्यर्थियों का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। इस अवसर पर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का कुशल संचालन जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अरुण शाही द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में राजकीय आईटीआई जहांगीरगंज के प्रधानाचार्य श्री विनोद सिंह, राजकीय आईटीआई आलापुर के अनुदेशक चन्द्रदीप शर्मा तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के समस्त कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए रोजगार मेले का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
