देवल संवाददाता, मऊ। प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले,खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन खेल निदेशालय,उत्तर प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय,मऊ द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम,मऊ में प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 04 से 09 अक्टूबर, 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों की जूनियर बालिका हॉकी टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।प्रतियोगिता के अंतर्गत आज दिनांक 05 अक्टूबर, 2026 को विभिन्न टीमों के मध्य रोमांचक मुकाबले खेले गए। आज के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल,अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।
पहले मुकाबले में आजमगढ़ मंडल ने देवीपाटन मंडल को शानदार प्रदर्शन करते हुए 12-00 से पराजित किया। आजमगढ़ की ओर से आरती एवं अर्पिता ने बेहतरीन गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।दूसरे मुकाबले में अयोध्या छात्रावास ने मेरठ मंडल को 04-00 से शिकस्त दी। अयोध्या छात्रावास की खिलाड़ी आरती प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे।तीसरे मुकाबले में प्रयागराज मंडल ने आगरा मंडल को कड़े संघर्ष के बाद 01-00 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।
चौथे मुकाबले में झांसी मंडल ने चित्रकूट मंडल को 05-00 से हराया। झांसी की खिलाड़ी अर्चना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए।पांचवें मुकाबले में कानपुर मंडल ने गोरखपुर मंडल को 02-01 से पराजित कर जीत दर्ज की। छठे मुकाबले में भी कानपुर मंडल ने गोरखपुर मंडल के विरुद्ध 02-01 से विजय प्राप्त की।आगे के मुकाबलों में मेरठ बनाम कानपुर,सहारनपुर बनाम देवीपाटन,आगरा बनाम मुरादाबाद तथा चित्रकूट बनाम वाराणसी मंडल के बीच मैच खेले जाने हैं।उद्घाटन समारोह का संचालन जय प्रकाश सिंह, उपक्रीड़ाधिकारी,आजमगढ़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर संजय कुमार सिंह,राजीव कुमार जायसवाल,अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ,रितेश दास,सोनिया कुमारी,रीमा यादव, मोईन अली सहित जनपद के खेल प्रेमी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में डी.पी. सिंह, क्रीड़ाधिकारी,मऊ द्वारा उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता में उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों,प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतियोगिता के आयोजन से जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हो रहा है।
