देवल संवाददाता, मऊ।गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने हेतु पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता,पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।ज्ञातव्य है कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के निर्वाचन हेतु जनपद में कल,23 अक्टूबर 2026 को मतदान संपन्न होगा। इसके लिए जनपद में कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं,जहां कुल 5,131 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3,747 पुरुष तथा 1,384 महिला मतदाता शामिल हैं।
जनपद के नौ विकास खंडों में स्थित कार्यालय क्षेत्र पंचायतों में एक-एक मतदान केंद्र स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त एक मतदान केंद्र नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन के कार्यालय में बनाया गया है।
मतदान केंद्रवार मतदाताओं की संख्या निम्नवत है—
* दोहरीघाट: 271 मतदाता
* बड़राव: 276 मतदाता
* घोसी: 318 मतदाता
* फतेहपुर मंडाव: 540 मतदाता
* कोपागंज: 666 मतदाता
* मोहम्मदाबाद गोहना: 554 मतदात
* रानीपुर: 768 मतदाता
* परदहा: 484 मतदाता
* रतनपुरा: 355 मतदाता
* नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन: 899 मतदाता इस प्रकार नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन स्थित मतदान केंद्र पर सर्वाधिक 899 मतदाता, जबकि विकासखंड दोहरीघाट स्थित मतदान केंद्र पर सबसे कम 271 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी निर्वाचन कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करें। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए चुनाव को निष्पक्ष,पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
