देवल संवाददाता, आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पारिवारिक जमीन के विवाद और मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने आठ पुरुषों और एक महिला समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार डंडे और दो लोहे की रॉड बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को आलमपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ जान-माल की धमकी दी गई। इसके बाद लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर से मारपीट की गई। मामले में तहरीर के आधार पर अहरौला थाने में नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गुरुवार, 22 अक्टूबर को उपनिरीक्षक विजयी ने पुलिस टीम के साथ आलमपुर गांव जाने वाले मोड़ से करीब 400 मीटर की दूरी पर दबिश देकर मामले में नामजद नारद चौहान, रामभवन चौहान, उमेश चौहान, शैलेश चौहान, सूजल चौहान, सूरज चौहान, शशांक चौहान, सूर्यभान चौहान और किरन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी आलमपुर गांव के निवासी हैं।
