देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद सोनभद्र की विधानसभा राबर्ट्सगंज-401 के अंतर्गत नगर पालिका राबर्ट्सगंज के वार्ड नंबर-5 में मेहुड़ी से पिथा होते हुए सहिजन तक जाने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल एवं कीचड़युक्त होने के कारण स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जनता की इस गंभीर समस्या को लेकर सोमवार, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे, समाजवादी पार्टी के बैनर तले समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में नगर पालिका राबर्ट्सगंज कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सड़क एवं नाली निर्माण की मांग उठाई। प्रदर्शन के उपरांत नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को पत्रक सौंपकर वार्ड की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।
विवेक सिंह पटेल ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है। वार्ड नंबर-5 के नागरिक लंबे समय से कीचड़युक्त सड़क के कारण परेशानी झेल रहे हैं। सड़क और नाली का निर्माण न होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जनहित से जुड़ी इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए। जनता की आवाज को अनसुना नहीं किया जाना चाहिए। जब तक आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक जनहित की आवाज उठाने का संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान सीबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, फूल देवी, विमला देवी, चिंता, रीना देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती देवी, जितेंद्र सहित अन्य स्थानीय लोगो ने विरोध दर्ज कराया।
