एक सप्ताह से बायोमेट्रिक में आ रही समस्या, एक हजार से अधिक विद्यार्थियों का सत्यापन लंबित
देवल संवाददाता, बूढ़नपुर (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र के मां श्रृंगारी बालिका इंटर कॉलेज, कोयलसा में छात्रवृत्ति का फॉर्म भरने में छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं का आरोप है कि पिछले कई दिनों से सर्वर डाउन होने के कारण बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट नहीं लग पा रहा है। इससे छात्रवृत्ति के आवेदन की प्रक्रिया बाधित हो रही है। वहीं, 15 अक्तूबर को आवेदन की अंतिम तिथि होने के कारण छात्राओं को छात्रवृत्ति से वंचित होने की चिंता सता रही है।
छात्राओं ने संबंधित अधिकारियों से सर्वर की समस्या दूर कराने और छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि कम से कम 10 दिन बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई तो कई विद्यार्थियों के आवेदन अधूरे रह जाएंगे। इससे उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सकेगा।
विद्यालय की व्यवस्थापक आशू यादव ने बताया कि पिछले चार दिनों से सर्वर ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बायोमेट्रिक प्रक्रिया में परेशानी आ रही है। इसके कारण विद्यालय के महाविद्यालय और इंटर कॉलेज को मिलाकर एक हजार से अधिक विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो सका है। यह समस्या केवल उनके विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के अन्य विद्यालयों में भी विद्यार्थी परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों और उपजिलाधिकारी से शिकायत की गई है। साथ ही छात्रवृत्ति आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की गई है, ताकि सभी विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति काफी महत्वपूर्ण है। इसके सहारे कई विद्यार्थी अपनी पढ़ाई जारी रख पाते हैं।
समस्या दूर कराने का किया जाएगा प्रयास।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यह समस्या केवल एक विद्यालय की नहीं, बल्कि तहसील क्षेत्र के कई विद्यालयों में सामने आ रही है। संबंधित विभाग से बात कर विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़वाने का प्रयास किया जाएगा।
