देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ग्राम पंचायत संवरा में प्राथमिक विद्यालय से धन सिंह के घर तक कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग चार साल से लंबित होने पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों की ओर से वर्ष 2022 से लगातार मांग किए जाने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है। भाकपा के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने सड़क निर्माण में कथित राजनीतिक भेदभाव के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है।
देव कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा गांव के प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। विकास कार्य जनता की जरूरत और निर्धारित सरकारी मानकों के आधार पर होने चाहिए, न कि किसी व्यक्ति के राजनीतिक संबंध, पार्टी या जनप्रतिनिधि की पहचान के आधार पर। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर यह कहा गया कि क्षेत्र में भाजपा का सांसद या विधायक नहीं होने के कारण सड़क का निर्माण संभव नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी ने वास्तव में ऐसा बयान दिया है, तो यह गंभीर मामला है और इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। सरकारी योजनाओं में राजनीतिक भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी पूरे प्रदेश की जनता के प्रति है। किसी क्षेत्र का सांसद या विधायक किसी भी राजनीतिक दल का हो, वहां के लोगों को सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जा सकता।
.jpeg)