देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी की बैठक सोमवार को रॉबर्ट्सगंज में का. महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की आलोचना करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा की गई।
जिला मंत्री का. नंदलाल आर्य ने बताया कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए नवंबर में जिले की 17 शाखाओं में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर और कचहरी के पास छोटा चौराहे पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को लेकर आंदोलन करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में सीटू की ओर से 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में प्रस्तावित तीन दिवसीय रैली का समर्थन किया गया। इसमें सोनभद्र से 200 कार्यकर्ताओं को शामिल करने की तैयारी है। बैठक में प्रेमनाथ, पुरुषोत्तम, बिसंम्भर सिंह, श्याम नारायण सिंह, अवधराज सिंह, शिवकुमार उपाध्याय, लल्लन राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
