देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सोमवार को जनपद सोनभद्र में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। इस दौरान रॉबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज से भव्य पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर/मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया।
पैदल मार्च में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, विंद बीएड कॉलेज और साई पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं के साथ महिला सहायता समूह एवं मारवाड़ी मंच की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्च के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस की ओर से आमजन से महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा समाज में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की गई। मिशन शक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।
महिला सुरक्षा के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
महिलाओं एवं बालिकाओं की सहायता के लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 शामिल हैं। महिला पुलिस हेल्पलाइन नंबर 1091 की जानकारी भी साझा की गई।
सोनभद्र पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
