कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा रक्तदान के महत्व का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ मुकेश यादव जी की उपस्थिति में नर्सिंग के छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर रक्तदान के महत्व, रक्तदान से जुड़े भ्रांतियों तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन में रक्त की उपयोगिता के बारे में प्रभावी ढंग से जागरूक किया गया। छात्रों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगोली बनाकर भी रक्तदान एवं जनजागरूकता का संदेश दिया गया। रंगोली के माध्यम से “रक्तदान—महादान” तथा रक्तदान से जीवन बचाने का संदेश आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मनोज गुप्ता, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश गौतम, फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रितेश राय, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र यादव सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
