ईशान किशन की नाबाद 80 रनों की पारी के बाद शानदार गेंदबाजी के चलते भारतीय क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पहुंच गई है। सेमीफाइनल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ने श्रीलंका को 124 रन से हराया। फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान (India vs Pakistan) से होगा। यह महामुकाबला 3 अक्टूबर (Ind vs Pak) को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। भारत की शुरुआत खराब रही। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी ने एक छोर संभाले रखा। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने 7-7 रन बनाए तो कप्तान श्रेयस अय्यर ने 13 गेंदों पर 13 रन की पारी खेली।
वैभव ने पारी को संभाला
शानदार बल्लेबाजी कर रहे वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाकर कैच आउट हुए। 5 नंबर पर उतरे ईशान किशन अंत तक डटे रहे और उन्होंने 46 गेंदों पर 80 रन कूटे। इस दौरान ईशान ने 4 चौके और 5 छक्के भी लगाए। अक्षर पटेल ने 8, तिलक वर्मा ने 2, शिवम दुबे ने 3 और वॉशिंगटन सुंदर ने 7 रनों का योगदान दिया। सहान अराचिगे और थारिन्दु रत्नायके ने 2-2 विकेट लिए।
दो फुल मेंबर टीमों के बीच खेले गए किसी भी मेंस T20I टूर्नामेंट के सेमीफाइनल या फाइनल में 124 रन की जीत का अंतर सबसे बड़ा है। इससे पहले का रिकॉर्ड अहमदाबाद में T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की 96 रन से जीत।
