कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंबेडकर नगर जनपद के नव नियुक्त भाजपा जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव के प्रथम जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले की सीमा यादव नगर से लेकर भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन तक जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। जिला प्रभारी ने प्रसिद्ध शिव बाबा मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पुरानी तहसील के निकट भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर जिला प्रभारी ने माल्यार्पण कर नमन किया।
भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन पहुंचने पर जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें 51 किलो की माला पहनाई गई तथा स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह के बाद जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रभारी ने पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। बैठक में आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय से होती है।उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जनकल्याण के कार्यों को पहुंचाया जाए। आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भी उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठनात्मक तैयारी को मजबूत करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने जिला प्रभारी का जनपद आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि अवधेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिले में संगठन को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। संचालन डॉ विनोद कुमार ने किया।
उपरोक्त कार्यक्रमों में मुख्य रूप से एम एल सी डॉ हरिओम पाण्डेय, विधायक धर्म राज निषाद,जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा साधू,प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश सह संयोजक डॉ मिथिलेश त्रिपाठी, कपिल देव वर्मा,राम प्रकाश यादव,ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी,त्रिवेणी राम, जय राम विमल,अनीता कमल, संजय सिंह,आनंद वर्मा, गौरव सिंह,अनिल वर्मा मौसम, मनोज मिश्र,पंकज वर्मा, रफत एजाज, बाबा राम शब्द यादव, विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, बाल्मीकि उपाध्याय, विनय पाण्डेय,अखण्ड प्रताप वर्मा, उमा शंकर शुक्ला, आकाश वर्मा,अभिषेक निषाद,अमित सिंह,के के मिश्र,मीरा पाण्डेय, सुरेश कन्नौजिया, रमेश चंद्र गुप्ता, दशरथ यादव,गिरीश चंद्र वर्मा, संजय सिंह, राजकुमार सेठ, मनोज गुप्ता, जावेद मलिक, शिव पूजन राजभर, अंजू पाण्डेय,संतोष सिंह बबलू, सरिता वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
