देवल संवाददाता, बुढ़नपुर/शाहपुर। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के गौरा स्थित बाबा प्रथमदेव (बहरादेव) मंदिर परिसर में 23 अक्टूबर 2026 को पक्षी रैन बसेरा का लोकार्पण किया जाएगा। शुक्रवार सुबह आठ बजे आयोजित कार्यक्रम में श्रीराम कथावाचक परम पूज्य राजन जी महाराज के कर कमलों द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। इसकी जानकारी आयोजकों ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।आयोजकों के मुताबिक, पक्षी रैन बसेरा की स्थापना का मुख्य उद्देश्य पक्षियों के संरक्षण को बढ़ावा देना और उनके लिए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के सौजन्यकर्ता एवं समाजसेवी अखिलेश सिंह ने क्षेत्रीय लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पक्षियों के संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के आयोजक अखिलेश सिंह एवं अखण्ड प्रताप सिंह ने आयोजन से संबंधित जानकारी साझा की। इस दौरान आयोजन मंडली के सदस्य राजेंद्र सिंह, सोनू सिंह सहित अन्य शुभचिंतक मौजूद रहे।
