कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के साथ पोस्टर प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक-शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने साक्षरता, शिक्षा के महत्व और जागरूकता से जुड़े विषयों पर पोस्टर, चित्र तथा अन्य प्रस्तुतियां तैयार कीं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य केवल शैक्षिक ज्ञान बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल, सहयोग की भावना और सामाजिक जागरूकता विकसित करना भी है। गतिविधि आधारित शिक्षण के जरिए बच्चों को अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुसार सीखने तथा खुद को अभिव्यक्त करने का मौका दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग का लक्ष्य परिषदीय विद्यालयों के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, कला, संस्कृति, रचनात्मकता और सह-शैक्षिक गतिविधियों से जोड़कर उसके संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास सुनिश्चित करना है। विभाग लगातार ऐसे नवाचारी और सहभागी कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रहा है, जिससे बच्चे आत्मविश्वासी, जागरूक, सृजनशील और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
