कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आलापुर तहसील के वसुधा सिंह सभागार में मंगलवार को आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, सुपोषित बच्चों के माता-पिता तथा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या धाम से की गई घोषणाओं ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा विधायक अनीता कमल रहीं। विशिष्ट अतिथियों में उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, समाजसेविका डॉ. पूनम राय, जहांगीरगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद उपाध्याय, रामनगर मंडल अध्यक्ष नीरज सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल, आजापानी के अवधेश कमल तथा खंड विकास अधिकारी दिनेश राम मौजूद रहे। सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना गया।मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का 6 हजार रुपये मासिक करने की घोषणा की। साथ ही कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य कवर और साड़ियों की संख्या बढ़ाने का ऐलान भी किया। इन घोषणाओं से उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के चेहरे खिल उठे।पूर्व विधायक अनीता कमल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाली मजबूत कड़ी हैं। बच्चों और माताओं के पोषण व स्वास्थ्य में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. पूनम राय ने भी उनके योगदान की सराहना की।उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां केवल केंद्र तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि विभिन्न योजनाओं और जागरूकता अभियानों को जन-जन तक पहुंचाती हैं। उन्होंने सभी सम्मानितों को शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का संचालन आंगनबाड़ी कार्यकत्री संघ की अध्यक्ष शशिकला मिश्रा ने किया। उन्होंने अतिथियों, अधिकारियों, कार्यकत्रियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में मुख्य सेविका प्रेमा देवी, निशा सिंह, वंदना पांडे, किशोरी तिवारी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और लाभार्थी मौजूद रहे।सम्मान और बढ़े मानदेय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मनोबल बढ़ा है। समारोह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पोषण और बाल विकास की जमीनी लड़ाई में उनकी भूमिका और मजबूत होने जा रही है।
