कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग द्वारा 25 अगस्त से 08 सितंबर तक आयोजित नेत्रदान पखवाड़े का समापन सोमवार को हुआ। इस दौरान आमजन को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और मृत्यु के बाद नेत्रदान के लिए प्रेरित करने हेतु कई जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।पखवाड़े के अंतर्गत नेत्रदान जागरूकता वॉक, पोस्टर-बैनर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, नेत्रदान पोस्टर संदेश अभियान, सिग्नेचर कैंपेन तथा नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियां चलाई गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में नर्सिंग छात्र हर्षित पांडेय को प्रथम, श्रेया एवं शिवांगी को द्वितीय तथा श्वेता एवं रितिका को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। नुक्कड़ नाटक के सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। इंटर्न सत्या तथा नेत्र रोग विभाग के रेजिडेंट डॉ. अरबी, डॉ. नीलम और डॉ. आनंद को प्रशस्तिपत्र दिए गए।समापन समारोह में अभियान में सक्रिय सहभागिता करने वाले नर्सिंग छात्रों एवं इंटर्न को प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। प्रमाणपत्र वितरण प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव, उप प्राचार्य डॉ. उमेश वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष एवं अभियान नेतृत्वकर्ता डॉ. अमित कुमार पटेल, डॉ. साजन देव केसर, डॉ. सृष्टि नागराजन, नर्सिंग प्राचार्य ई. भास्कर तथा नर्सिंग शिक्षिका गार्गी ने किया।इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को अभियान की सफलता में उनके योगदान के लिए धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दी गईं। डॉ. अमित कुमार पटेल ने कहा कि नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता निरंतर चलने वाला अभियान है। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को नेत्रदान के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जाता रहेगा।
