देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) स्थानीय तहसील परिसर लालगंज में बारिश के पानी की समुचित निकासी न होने से वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं अधिकारियों -कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में जगह-जगह पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। बताया जाता है कि बारिश होने के बाद तहसील परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। इसके साथ-साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वादकारी अपने मामलों के सिलसिले में पहुंचते हैं। जलभराव के कारण उन्हें काफी असुविधा होती है। आरोप है कि समस्या के बावजूद नगर पंचायत से संबंधित अधिकारी व कर्मचारी इस ओर मौन साधे हुए हैं। वादकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन से तहसील परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
